Helpline +919415567039 || cd.up@smarthindustan.news

Updated Mon, 10 May 2021 11:35 PM

सपा दमखम से लड़ेगी जिपं अध्यक्ष का चुनाव

जागरण संवाददाता, चंदौली : सपा कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले में सर्वाधिक जिला पंचायत सदस्यों की जीत पर कार्यकर्ता गदगद दिखे। वहीं पूरे दमखम के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ने की रणनीति बनी। अंत में जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने चुनाव जीतने वाले सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं मिठाई खिलाकर खुशियों का इजहार किया। जिलाध्यक्ष ने कहा जनता ने पार्टी की ओर से अधिकृत उम्मीदवारों पर भरोसा दिखाया। इससे जिला पंचायत के चुनाव में सपा सबसे अच्छी स्थिति में है। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ा जाएगा। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा, केंद्र व प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों की वजह से जनता त्रस्त है। ऐसे में पंचायत चुनाव के जरिए सरकार को संदेश दिया है। कोरोना काल में अस्पतालों की स्थिति बेहद खराब है। बेड, आक्सीजन व जीवनरक्षक दवाइयों की कमी की वजह से मरीजों की जान जा रही है। जबकि सरकार बेपरवाह है। पूर्व ब्लाक प्रमुख बाबूलाल यादव, बब्बन चौहान, जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव, रवींद्र यादव, महेंद्र यादव, चंद्रशेखर यादव, रमेश यादव, पिटू यादव, तेज नारायण यादव, मुलायम सिंह यादव, लव बियार, नफीस अहमद, सुदामा यादव उपस्थित रहे।

बरतें सावधानी, घर में नहीं फैलेगा संक्रमण

जागरण संवाददाता, चंदौली : होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित थोड़ी सी सावधानी बरतें तो परिवार को संक्रमण से बचा सकते हैं। परिवार में यदि एक व्यक्ति संक्रमित हो जाए तो लापरवाही के चलते पूरे परिवार में संक्रमण फैल रहा। वहीं जो लोग परिवार के अन्य सदस्यों से खुद को दूर कर एक कमरे में कैद कर ले रहे और पूरी सतर्कता बरत रहे, उनके परिवार के अन्य सदस्य स्वस्थ व खुशहाल हैं। दूसरी लहर में घर-घर कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। परिवार में एक व्यक्ति संक्रमित हुआ नहीं कि लापरवाही के चलते अन्य कई लोगों में संक्रमण फैल जा रहा। ऐसे में सावधानी जरूरी है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डाक्टर संजय कुमार बताते हैं कि यदि परिवार का किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखे तो तत्काल उसे एक कमरे में आइसोलेट होना होगा। उस कमरे में दूसरा कोई व्यक्ति प्रवेश न करे। मरीज का भोजन भी कमरे के बाहर रख दें। संक्रमित के कपड़े भी अलग धोए जाएं। घर के अन्य लोग हमेशा मास्क लगाकर रहें। किसी व्यक्ति को यदि बुखार आ रहा है तो परिवार के अन्य लोग इसे सामान्य मानकर साथ रह रहे हैं। संक्रमण की पुष्टि होने तक यह दूसरों में भी फैल रहा। बताया कि बुखार के लिए पैरासिटामाल 650 एमजी दवा जरूर लें। घर में पल्स आक्सीमीटर, थर्मामीटर और स्टीम वेपोराइजर (भाप लेने वाली मशीन) जरूर रखें।

सुतली नहीं होने से एक सप्ताह से गेहूं खरीद ठप

जागरण संवाददाता, नियामताबाद (चंदौली) : विकास खंड के गोधना स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर बोरियों की सिलाई के लिए सुतली नहीं है। इससे केंद्र प्रभारी ने गेहूं की खरीदारी ही बंद कर दी। हालांकि केंद्र प्रभारी ने दो दिन में सुतली की उपलब्धता होने पर खरीदारी का आश्वासन दिया है। विपणन विभाग की ओर से धपरी गांव में गेहूं क्रय केंद्र खोला गया। यहां संसाधन की कमी के कारण उसे गोधना मोड़ स्थित एक निजी विद्यालय के पास संचालित किया जा रहा है। बीते माह गेहूं की खरीदारी शुरू हुई लेकिन तेजी नहीं आ पा रही। केंद्र पर एक सप्ताह से गेहूं खरीद नहीं हो रही है। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष संतोष मिश्रा व जिला मंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जिले में क्रय केंद्रों की स्थिति दयनीय है। विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। केंद्र प्रभारी राजेंद्र यादव ने कहा कोरोना के कारण सिलाई के लिए सुतली नहीं आ पा रही है। इससे बोरों की सिलाई नहीं हो पा रही है। इसी कारण गेहूं की खरीदारी रोकी गई है।